बालोद में नेशनल हाईवे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 97 अवैध कब्जों को किया गया जमींदोज

 बालोद में नेशनल हाईवे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 97 अवैध कब्जों को किया गया जमींदोज

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

बालोद में नेशनल हाईवे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 97 अवैध कब्जों को किया गया जमींदोज

बालोद। मंगलवार सुबह बालोद शहर में नेशनल हाईवे विभाग और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवा दिया। झलमला से लेकर पर्यावरण पार्क तक हाईवे के किनारे अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों, टीन शेड और अस्थायी ढांचों को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया।

भारी पुलिस बल के बीच हुई कार्रवाई

किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने मौके पर 200 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की थी। तहसीलदार आशुतोष शर्मा, एनएच इंजीनियर वसीम खान, नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम सुबह से ही अभियान में जुटी रही। कार्रवाई के दौरान कई लकड़ी के ढांचे और पक्की दुकानों के चबूतरों को हटाया गया।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था कब्जा

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के काम में बाधा बन रहे 97 अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था। उन्हें स्वयं कब्जा हटाने का समय दिया गया था, लेकिन निर्देश का पालन न करने पर प्रशासन को मजबूरन जेसीबी मशीनों का उपयोग करना पड़ा।

विरोध और हंगामा

कार्रवाई के दौरान तब तनाव की स्थिति बन गई जब भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा, पार्षद राजू पटेल और व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हालांकि, पुलिस और अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और अभियान जारी रहा।

सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा है मुख्य उद्देश्य

अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में इस मार्ग पर डिवाइडर का निर्माण हुआ है और अब सड़क चौड़ीकरण की योजना है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण लगातार यातायात बाधित हो रहा था और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। इसी के मद्देनजर यह सफाई अभियान चलाया गया है।