होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: दुर्ग पुलिस सख्त, SSP ने कहा- स्टंटबाजी और नशा किया तो सीधे जेल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: दुर्ग पुलिस सख्त, SSP ने कहा- स्टंटबाजी और नशा किया तो सीधे जेल
दुर्ग। होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। बुधवार को सेक्टर-06 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की आपात बैठक ली। एसएसपी ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए हैं कि त्यौहार के उत्साह में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेगा भारी बल
बैठक में तय किया गया कि पिछले सालों में जहाँ भी विवाद हुए थे, उन स्थानों को ‘हॉटस्पॉट’ के रूप में चिन्हित किया गया है। पॉश कॉलोनियों से लेकर संकरी बस्तियों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस के ‘फिक्स पिकेट’ (स्थिर सुरक्षा पॉइंट) तैनात रहेंगे। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि हर थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक कर लोगों को पहले ही समझाइश दी जाए।
ट्रैफिक नियमों पर कड़ी नजर: स्टंटबाजों पर गिरेगी गाज
होली के दौरान सड़कों पर तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग), खतरनाक स्टंटबाजी और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की पैदल पेट्रोलिंग और बाइक पेट्रोलिंग टीमें गली-मोहल्लों में लगातार गश्त करेंगी। निगरानीशुदा बदमाशों और पुराने अपराधियों पर पुलिस अभी से नजर रख रही है, जरूरत पड़ने पर उन्हें सीधे जेल भेजने (प्रतिबंधात्मक कार्रवाई) के निर्देश दिए गए हैं।
लंबित मामलों को निपटाने के निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ एसएसपी ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थानों में लंबित अपराधों, चालान और शिकायतों को जल्द से जल्द निपटाने को कहा है। बैठक में ASP सुखनंदन राठौर, ASP (यातायात) ऋचा मिश्रा और ASP ममता देवांगन समेत जिले के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने सुरक्षा प्लान का खाका पेश किया।
दुर्ग पुलिस की अपील: त्यौहार को खुशी और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।















