रायपुर: NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
रायपुर: NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या
रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भांठागांव स्थित अवधपुरी कॉलोनी में रविवार को एक मेडिकल छात्र ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। नीट (NEET) की तैयारी कर रहे छात्र की मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगाने से मौके पर ही मौत हो गई।
मानसिक दबाव में था छात्र
मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्र प्रतियोगी परीक्षा को लेकर पिछले कुछ समय से भारी मानसिक दबाव में था। पुष्पेंद्र पिछले तीन वर्षों से रायपुर में किराए का कमरा लेकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके पिता करुणा सागर पटेल एक किसान हैं और उनका परिवार वर्तमान में सारंगगढ़ के बरसकोल मालदा गांव में रहता है।
पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यदि आप या आपका कोई जानने वाला किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो कृपया मदद मांगें। आप Kiran Helpline (1800-599-0019) जैसे सरकारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।














