मातम में बदली अंतिम विदाई: रायपुर-भिलाई हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से मां और 2 साल की मासूम की दर्दनाक मौत

 मातम में बदली अंतिम विदाई: रायपुर-भिलाई हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से मां और 2 साल की मासूम की दर्दनाक मौत

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

मातम में बदली अंतिम विदाई: रायपुर-भिलाई हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से मां और 2 साल की मासूम की दर्दनाक मौत

भिलाई। रायपुर-भिलाई नेशनल हाईवे एक बार फिर रक्त रंजित हो उठा है। गुरुवार को पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के सिरसा गेट के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दुर्ग निवासी एक महिला और उनकी दो वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुखांतिका तब हुई जब परिवार रायपुर से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहा था।

कार से टकराकर बिगड़ा संतुलन, पीछे से ट्रक ने रौंदा

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग के पदमनाभपुर निवासी दुबे परिवार अपनी बाइक से रायपुर से वापस दुर्ग लौट रहा था। बाइक पर पति के साथ उनकी पत्नी अनीता दुबे और 2 साल की मासूम बेटी सोना दुबे सवार थीं। सिरसा गेट से करीब 100 मीटर पहले एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर से बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रहे एक भारी-भरकम ट्रक ने मां-बेटी को अपनी चपेट में ले लिया।

आंखों के सामने उजड़ गया संसार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना खौफनाक था कि अनीता दुबे और मासूम सोना की मौके पर ही सांसें थम गईं। इस हादसे में पति सुरक्षित हैं, लेकिन अपनी आंखों के सामने पत्नी और बच्चे को खो देने के गम में वह गहरे सदमे में हैं।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घातक ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश के साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।