महासमुंद: बेलसोंडा में करोड़ों की सरकारी जमीन से हटा अवैध कब्जा, बुलडोजर देख पूर्व सरपंच पति ने मचाया हंगामा

 महासमुंद: बेलसोंडा में करोड़ों की सरकारी जमीन से हटा अवैध कब्जा, बुलडोजर देख पूर्व सरपंच पति ने मचाया हंगामा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

****************************

 

 

महासमुंद: बेलसोंडा में करोड़ों की सरकारी जमीन से हटा अवैध कब्जा, बुलडोजर देख पूर्व सरपंच पति ने मचाया हंगामा

महासमुंद। जिला मुख्यालय से महज 7 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत बेलसोंडा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पूर्व सरपंच के पति ने जेसीबी के सामने खड़े होकर सरकारी काम रोकने की कोशिश की।

तीन खसरा नंबरों की बेशकीमती जमीन मुक्त

प्रशासनिक टीम ने बेलसोंडा स्थित खसरा नंबर 1661, 1651 और 1654 पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर उन पर बुलडोजर चलाया। अधिकारियों के अनुसार, यह जमीन सड़क से लगी होने के कारण काफी कीमती है, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा जमाया गया था।

पूर्व सरपंच पति ने पुलिस से की धक्का-मुक्की

कार्रवाई के दौरान पूर्व सरपंच भामिनी चंद्राकर के पति पोखन चंद्राकर, जो स्वयं एक शासकीय कर्मचारी हैं, ने टीम का कड़ा विरोध किया। उन्होंने करीब 55 डिसमिल जमीन पर कब्जा कर रखा था। जब जेसीबी मशीन आगे बढ़ी, तो पति-पत्नी ने काम रोकने के लिए विवाद शुरू कर दिया और जेसीबी के सामने खड़े हो गए। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें बलपूर्वक वहां से हटाया, जिसके बाद अतिक्रमण ढहाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

संरक्षण के नाम पर कब्जे का खेल

पंचायत प्रतिनिधियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि भामिनी चंद्राकर के कार्यकाल के दौरान ही निस्तारी तालाब के एक हिस्से को ‘संरक्षण और पौधारोपण’ के बहाने समतल कराया गया था। हालांकि, वहां कभी पौधे नहीं पनपे और बाद में उसी जमीन पर पूर्व सरपंच परिवार ने निजी कब्जा कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों द्वारा ऐसी हरकतें अन्य लोगों को भी अतिक्रमण के लिए उकसाती हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी जमीनों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।