महासमुंद: प्रेमिका से मिलने आए नाबालिग का जंगल में मिला शव, 15 दिनों से था लापता

 महासमुंद: प्रेमिका से मिलने आए नाबालिग का जंगल में मिला शव, 15 दिनों से था लापता

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

महासमुंद: प्रेमिका से मिलने आए नाबालिग का जंगल में मिला शव, 15 दिनों से था लापता

महासमुंद/बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है।

बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी 17 वर्षीय उद्रेश वर्मा का शव भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल में मिला है। उद्रेश पिछले 15 दिनों से लापता था और अपनी प्रेमिका से मिलने महासमुंद के जमनीडीह गांव आया था।

मड़ाई मेला देखने गया था किशोर

घटनाक्रम के अनुसार, उद्रेश वर्मा 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में आयोजित मड़ाई मेला देखने गया था। मेले से लौटते समय रात करीब 11 बजे उसने जमनीडीह गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद की। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह दोस्त का मोबाइल लेकर युवती से मिलने चला गया। वहां उसने प्रेमिका को कॉल किया और उससे मुलाकात की, जिसके बाद से वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया।

दोस्त ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

उद्रेश के वापस न लौटने पर उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने 30 जनवरी को भंवरपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को गांव के पास ही उद्रेश का मोबाइल बरामद हुआ, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली, लेकिन कुत्ता लड़की के घर के पास पहुंचकर भटक गया और कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल सका।

जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को प्रेमिका के गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश की लाश मिली। शव काफी पुराना होने के कारण डीकंपोज हो चुका था और शरीर के कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव की पहचान परिजनों ने कर ली है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।

हत्या की आशंका, परिजनों से पूछताछ जारी

पुलिस इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर हत्या के एंगल से भी देख रही है। बताया जा रहा है कि उद्रेश और युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। भंवरपुर पुलिस अब प्रेमिका और उसके परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।