सोशल मीडिया का जुनून बना जानलेवा: भिलाई में इंस्टाग्राम रील को लेकर पति से झगड़ा, 35 वर्षीय अंजलि की मौत
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
सोशल मीडिया का जुनून बना जानलेवा: भिलाई में इंस्टाग्राम रील को लेकर पति से झगड़ा, 35 वर्षीय अंजलि की मौत
भिलाई (छावनी): दुर्ग में इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने के जुनून और घरेलू कलह के कारण भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 35 वर्षीय अंजलि साव का शव उनके घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
रील को लेकर होता था विवाद:
मृतका अंजलि साव इंस्टाग्राम पर रील बनाने और डांस वीडियो साझा करने की शौकीन थी। मिली जानकारी के अनुसार, अंजलि का यह शौक उनके पति पप्पू साव को पसंद नहीं था, जिसे लेकर अक्सर दोनों के बीच अनबन रहती थी। 30 जनवरी को भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी।
बच्चों ने देखा मां का शव:
घटना उस समय हुई जब अंजलि के दोनों बच्चे ट्यूशन गए हुए थे। शाम को जब बच्चे घर लौटे, तो उन्होंने अपनी मां को अचेत अवस्था में पाया। बच्चों के शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि अंजलि ने पूर्व में भी दिसंबर माह में आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया था, लेकिन तब उसकी जान बचा ली गई थी।
पुलिस की कार्रवाई:
छावनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।















