ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट से सांठगांठ: कांकेर का प्रधान आरक्षक निलंबित, राजनांदगांव में संदिग्ध गतिविधियों पर PHQ ने लिया एक्शन
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट से सांठगांठ: कांकेर का प्रधान आरक्षक निलंबित, राजनांदगांव में संदिग्ध गतिविधियों पर PHQ ने लिया एक्शन
कांकेर/राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कांकेर जिले में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय (PHQ) के कड़े निर्देश के बाद कांकेर पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा की गई है।
ड्यूटी से गायब होकर सट्टा कारोबारियों से मेलजोल
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय कुमार पांडेय कांकेर की डीसीबी (District Crime Branch) शाखा में तैनात थे। पिछले कुछ समय से वे अपनी ड्यूटी से लगातार नदारद चल रहे थे। जांच में यह तथ्य सामने आया कि ड्यूटी से गायब रहने के दौरान पांडेय राजनांदगांव जिले में सक्रिय थे।
खुफिया विभाग की रिपोर्ट ने खोला राज
राजनांदगांव पुलिस की गोपनीय शाखा (Intelligence Wing) ने प्रधान आरक्षक की गतिविधियों पर नजर रखी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पांडेय वहां ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े व्यक्तियों के साथ संपर्क में थे और कथित तौर पर एक सिंडिकेट तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। संदिग्ध लेनदेन और अपराधियों से मेलजोल की पुख्ता जानकारी मिलने पर राजनांदगांव पुलिस ने इसकी विस्तृत रिपोर्ट पुलिस हेड क्वार्टर (PHQ) को भेजी।
निलंबन और विभागीय जांच
PHQ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर एसपी को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। ड्यूटी के प्रति लापरवाही, अनाधिकृत अनुपस्थिति और आपराधिक तत्वों के साथ संदिग्ध संलिप्तता के आधार पर कांकेर एसपी ने प्रधान आरक्षक को निलंबित कर दिया है। फिलहाल मामले की आगे की विभागीय जांच जारी है ताकि सट्टा सिंडिकेट में उनकी भूमिका की गहराई से पुष्टि की जा सके।












