सूदखोरों पर पुलिस का शिकंजा: कुम्हारी में रेलवे कर्मचारी गिरफ्तार, 2.5 लाख के बदले वसूले करीब 4 लाख
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
सूदखोरों पर पुलिस का शिकंजा: कुम्हारी में रेलवे कर्मचारी गिरफ्तार, 2.5 लाख के बदले वसूले करीब 4 लाख
भिलाई/कुम्हारी:कुम्हारी थाना पुलिस ने अवैध रूप से ब्याज का धंधा करने वाले एक आरोपी सचिन द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने एक युवक को कर्ज देकर मनमाना ब्याज वसूला और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
2.5 लाख के बदले वसूले 3.94 लाख
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी सचिन द्विवेदी ने उसके पुत्र लक्ष्य टंडन को किस्तों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये उधार दिए थे। इसके बदले में आरोपी 15 प्रतिशत की मासिक दर से ब्याज वसूल रहा था। आरोपी ने दबाव बनाकर अब तक कुल 3,94,816 रुपये वसूल लिए थे, जिसमें से 3,01,166 रुपये फोन-पे और 93,650 रुपये नकद लिए गए। इतनी बड़ी रकम वसूलने के बाद भी आरोपी का लालच खत्म नहीं हुआ और वह मूल राशि के साथ अतिरिक्त ब्याज के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
जान से मारने की धमकी और प्रताड़ना
शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता का पुत्र और अधिक पैसे देने में असमर्थ हुआ, तो आरोपी सचिन द्विवेदी ने उसे जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने कुम्हारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (2), 308 (4), 351 (3) और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।
रेलवे कर्मचारी निकला सूदखोर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सचिन द्विवेदी कुम्हारी रेलवे स्टेशन में टिकट काउंटर पर कार्यरत एक रेलवे कर्मचारी है। सरकारी नौकरी की आड़ में वह अवैध रूप से ऊंचे ब्याज पर पैसे देने का धंधा चला रहा था।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे अवैध सूदखोरों के जाल में न फंसें और प्रताड़ना की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें।












