राजनांदगांव: कलेक्टर के निर्देश पर अवैध चखना सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, अर्जुनी और चिखली में चला आबकारी विभाग का डंडा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**************************
राजनांदगांव: कलेक्टर के निर्देश पर अवैध चखना सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, अर्जुनी और चिखली में चला आबकारी विभाग का डंडा
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब बिक्री और अनधिकृत चखना सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र यादव के कड़े निर्देशानुसार, आबकारी विभाग की टीम ने देशी (कम्पोजिट) मदिरा दुकान अर्जुनी एवं चिखली में औचक दबिश दी। इस दौरान नियम विरुद्ध संचालित किए जा रहे अवैध चखना सेंटरों को मौके से हटाया गया।
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने स्पष्ट किया है कि केवल स्वीकृत अहातों के भीतर ही गतिविधियों की अनुमति है। उन्होंने सभी वृत्त प्रभारियों को सख्त हिदायत दी है कि अहाते के बाहर संचालित होने वाले किसी भी अवैध चखना सेंटर को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनके विरुद्ध निरंतर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इनकी रही प्रमुख भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती कुसुमलता जोल्हे, आबकारी उप निरीक्षक श्रीमती तुलेश्वरी देवांगन, मुख्य आरक्षक श्री दीपक गुप्ता, श्री जनार्दन प्रसाद पाण्डे, श्री मिलाप मण्डावी और आरक्षक श्री आर्यन ठाकुर व श्री प्रदीप कुमार यादव शामिल थे।
इस कार्रवाई से अवैध संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन की इस सक्रियता का उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाना है।












