महासमुंद में बैरियर तोड़ भागे गांजा तस्कर रायपुर में गिरफ्तार, पुलिस की डायल 112 वाहन को मारी टक्कर

 महासमुंद में बैरियर तोड़ भागे गांजा तस्कर रायपुर में गिरफ्तार, पुलिस की डायल 112 वाहन को मारी टक्कर

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

महासमुंद में बैरियर तोड़ भागे गांजा तस्कर रायपुर में गिरफ्तार, पुलिस की डायल 112 वाहन को मारी टक्कर

रायपुर: महासमुंद में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर फरार हुए महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को रायपुर की विधानसभा थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 35 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान तस्करों ने भागने की कोशिश में पुलिस की डायल 112 गाड़ी को भी टक्कर मार दी, जिससे सरकारी वाहन को नुकसान पहुँचा है।

बैरियर तोड़कर रायपुर की ओर भागे तस्कर

जानकारी के अनुसार, विधानसभा पुलिस को महासमुंद पुलिस से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की किया कार (MH 46 CV 2841) में संदिग्ध सामान लेकर कुछ लोग रायपुर की ओर आ रहे हैं। इन आरोपियों ने महासमुंद में पुलिस द्वारा लगाए गए बैरियर को भी तोड़ दिया था और तेज रफ्तार में भाग रहे थे।

रिंग रोड-3 पर पुलिस की घेराबंदी

सूचना मिलते ही विधानसभा थाने में पदस्थ ASI प्रफुल्ल परीक्षा और उनकी टीम ने रिंग रोड नंबर-3 पर मोर्चा संभाला। जैसे ही मंदिर हसौद की ओर से संदिग्ध कार आती दिखी, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस की डायल 112 गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपियों की कार की गति धीमी पड़ गई, जिसका फायदा उठाकर पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया।

महाराष्ट्र के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश गुप्ता (निवासी ठाणे, महाराष्ट्र) और अमित सिंह (निवासी रायगढ़, महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 35 किलो से अधिक गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है।

पुलिस की जांच जारी

विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई रायपुर या महाराष्ट्र के किस इलाके में की जानी थी।