झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उगाही करने वाला हेड कांस्टेबल सस्पेंड, बिलासपुर IG की शिकायत पर हुई कार्रवाई
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उगाही करने वाला हेड कांस्टेबल सस्पेंड, बिलासपुर IG की शिकायत पर हुई कार्रवाई
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) लोमस राजपूत को एक व्यवसायी से अवैध वसूली और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। रायगढ़ पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, कोतरा रोड क्षेत्र के एक छोटे टपरी होटल संचालक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक फेरी वाले से 100 पैकेट राजश्री गुटखा खरीदा था। इस खरीददारी की भनक लगते ही प्रधान आरक्षक लोमस राजपूत ने तीनों व्यवसायियों को थाने बुलाया। आरक्षक ने उन पर चोरी का सामान खरीदने का आरोप मढ़ा और जेल भेजने की धमकी दी।
50 हजार की डिमांड और वसूली
केस रफा-दफा करने के बदले हेड कांस्टेबल ने व्यवसायियों से 50 हजार रुपए की मांग की। डर के मारे टपरी संचालक ने 20 हजार रुपए नकद दे दिए, लेकिन आरक्षक का मन नहीं भरा। वह लगातार 5 हजार रुपए और देने का दबाव बनाने लगा।
IG से शिकायत के बाद कार्रवाई
प्रधान आरक्षक की लगातार बढ़ती प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित व्यवसायी ने न्याय की गुहार लगाते हुए बिलासपुर आईजी (IG) से लिखित शिकायत की। शिकायत में उसने पूरी घटना का विवरण देते हुए अपने पैसे वापस दिलाने और दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की।
मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर रायगढ़ पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक लोमस राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है और उसे रक्षित केंद्र (लाइन अटैच) भेजने का आदेश जारी किया है। इस कार्रवाई से विभाग के उन कर्मचारियों को सख्त संदेश गया है जो पद का दुरुपयोग कर जनता को परेशान करते हैं।













