भिलाई: मां के इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर सायकल स्टोर संचालक से 13.82 लाख की ठगी, सोने के जेवर और नकदी लेकर ठग फरार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
भिलाई: मां के इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर सायकल स्टोर संचालक से 13.82 लाख की ठगी, सोने के जेवर और नकदी लेकर ठग फरार
भिलाई/दुर्ग:छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ठगों ने एक दुकानदार को उसकी मां की बीमारी ठीक करने का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठग लिए हैं। छावनी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइकिल खरीदने के बहाने आए थे ठग
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड दुर्ग निवासी प्रार्थी संजय अठवानी की धमधा नाका में ‘संजय सायकल स्टोर्स’ नाम से दुकान है। करीब 15 दिन पहले दो अज्ञात व्यक्ति साइकिल देखने के बहाने उनकी दुकान पर आए थे। बातों-बातों में उन्होंने दुकानदार का मोबाइल नंबर ले लिया और खुद का नाम राजू बताया।
बीमारी ठीक करने का दिया झांसा
कुछ दिनों बाद राजू ने संजय को फोन किया और कहा कि उसे उनकी मां की खराब तबीयत के बारे में पता है। उसने दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ के जरिए उनकी मां को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। ठगों के झांसे में आकर प्रार्थी 16 जनवरी 2026 को पावर हाउस फल मार्केट पहुंचा, जहां राजू के साथ एक महिला भी मौजूद थी। वहां पूजा के नाम पर उनसे शुरुआती तौर पर 1100 रुपये और एक नारियल लिया गया।
स्टेशन के पास बुलाकर पार किए 13.82 लाख
आरोपियों ने प्रार्थी को विश्वास दिलाया कि यदि वह घर के मंदिर में रखे मां के जेवर और नकदी उन्हें सौंप दे, तो मां स्वस्थ हो जाएगी। 20 जनवरी 2026 की दोपहर को ठगों ने संजय को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास बुलाया। प्रार्थी अपनी कार (CG-07 BS 0514) से वहां पहुंचा और 60 ग्राम सोने के चार कंगन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) और 8,82,300 रुपये नकद आरोपियों को सौंप दिए।
फोन बंद कर हुए फरार
आरोपियों ने कहा था कि वे शाम को घर आकर बाकी की पूजा संपन्न करेंगे, लेकिन वे नहीं आए। जब प्रार्थी ने उनके मोबाइल नंबर (8055722514) पर संपर्क करने की कोशिश की, तो वह बंद मिला। ठगी का अहसास होने पर संजय ने परिजनों को आपबीती सुनाई और छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।












