जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से भालू की मौत, जांच में जुटा वन विभाग
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**************************
जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से भालू की मौत, जांच में जुटा वन विभाग
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मेटावाड़ा क्षेत्र में स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात मारुति वाहन ने सड़क पार कर रहे एक भालू को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भालू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए वन विभाग के एसडीओ (SDO) देव लाल दुग्गा ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर वाहन के कई टूटे हुए हिस्से बिखरे मिले हैं, जो टक्कर की तीव्रता को दर्शाते हैं।
वन विभाग ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आरोपी वाहन की पहचान करने के लिए राजमार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। विभाग के अनुसार, मृत भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए उसका अंतिम संस्कार (शवदाह) किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर इस घटना ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।












