रायगढ़: अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, बिना दस्तावेज मंडी ले जाई जा रही 40 बोरी धान जब्त

 रायगढ़: अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, बिना दस्तावेज मंडी ले जाई जा रही 40 बोरी धान जब्त

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

रायगढ़: अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, बिना दस्तावेज मंडी ले जाई जा रही 40 बोरी धान जब्त

लैलूंगा। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध धान खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। सोमवार सुबह लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तहसीलदार और फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने दबिश देकर एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें अवैध रूप से 40 बोरी धान लोड था। पकड़े गए धान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि खेड़ामा से पोतरा के रास्ते एक पिकअप वाहन (क्र. CG 13 AV 3959) में अवैध धान का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही तहसीलदार शिवम पांडे और फूड इंस्पेक्टर खुशराम नायक की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। जांच के दौरान जब पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें 40 बोरी धान बरामद हुआ।

दूसरे किसान के नाम पर खपाने की थी तैयारी

पूछताछ में पता चला कि खेड़ामा निवासी संतोष कुजूर इस धान को किसी अन्य किसान के नाम पर धान उपार्जन केंद्र (मंडी) में बेचने की फिराक में था। जब टीम ने चालक से धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज या टोकन की मांग की, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

दस्तावेज न होने के कारण टीम ने धान को अवैध मानते हुए मौके पर ही पंचनामा तैयार किया। जब्त किए गए 49,600 रुपए मूल्य के धान को लैलूंगा धान उपार्जन केंद्र भेज दिया गया है। प्रशासन ने मंडी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई से अवैध धान का कारोबार करने वाले बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध परिवहन और कोचियों पर निगरानी सख्त बनी रहेगी।