मैहर दर्शन करने गया था परिवार, सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाये 5 लाख के जेवर; सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
मैहर दर्शन करने गया था परिवार, सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाये 5 लाख के जेवर; सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
भिलाई/जामुल:दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैलाश नगर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ एक व्यापारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने करीब 4.90 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात पार कर दिए। घटना उस वक्त हुई जब पूरा परिवार धार्मिक यात्रा पर मैहर गया हुआ था।
ताला बंद देख बाउंड्री लांघकर घुसे चोर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर एकता चौक निवासी कारोबारी आदित्य विक्रम केशरवानी 16 जनवरी की रात अपने परिवार के साथ मैहर माता के दर्शन करने गए थे। 18 जनवरी की सुबह जब परिवार वापस लौटा, तो घर का मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर जाने पर चोरी का खुलासा हुआ। चोरों ने घर की बाउंड्री लांघकर प्रवेश किया और किचन के रास्ते अंदर दाखिल हुए।
अलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती गहनों पर किया हाथ साफ
पीड़ित ने बताया कि घर के भीतर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। चोरों ने वहां रखे सोने के दो हार, दो जोड़ी कान के सेट, तीन जोड़ी कंगन, एक नथनी और मंगलसूत्र का पेंडल चोरी कर लिया है। चोरी गए इन जेवरातों की कुल कीमत लगभग 4 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
सीसीटीवी में नजर आए 2-3 संदिग्ध, तलाश जारी
जामुल थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें 2 से 3 लड़के संदिग्ध अवस्था में नजर आ रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह किसी स्थानीय चोर गिरोह की करतूत लग रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।













