कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने दिए गणतंत्र दिवस की तैयारियों और जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*************************
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने दिए गणतंत्र दिवस की तैयारियों और जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश
राजनांदगांव:कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से ‘विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर’ के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों के सत्यापन और सुनवाई के कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
दिग्विजय स्टेडियम में मनेगा गणतंत्र दिवस
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बताया कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आकर्षक झांकियां तैयार करने और समारोह से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा है।
किसानों की सुविधा और आपदा प्रबंधन पर जोर
कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन के तहत लंबित मुआवजा प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण न होने पर गहरी नाराजगी जताई और तहसीलदार को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ भी उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।
निजी अस्पतालों पर रहेगी नजर
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को निजी चिकित्सालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अस्पतालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को आमजन के साथ संवेदनशीलता से पेश आने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा
‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में ‘सूर्य सभा’ आयोजित कर लोगों को जागरूक करने और हितग्राहियों का शीघ्र चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल इंस्टॉलेशन के लिए अच्छे वेंडर्स का चयन किया जाए ताकि उपभोक्ताओं को योजना का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।









