रायपुर में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल; तेलीबांधा थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन को दी चेतावनी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
रायपुर में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल; तेलीबांधा थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन को दी चेतावनी
रायपुर: राजधानी के तेलीबांधा इलाके में हुई हालिया हत्या और शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेलीबांधा थाने के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने किया।
अपराध का गढ़ बनती राजधानी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रायपुर में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और आम जनता असुरक्षा के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। नेताओं ने रविवार देर रात श्याम नगर में हुई जघन्य हत्या का हवाला देते हुए कहा कि लूट, चोरी, मारपीट और गैंगवार जैसी घटनाओं ने शहर की शांति भंग कर दी है।
नशे के कारोबार पर निशाना
कांग्रेस ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार को अपराधों की मुख्य जड़ बताया। नेताओं का कहना है कि युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आकर बर्बाद हो रही है और यही नशा जघन्य अपराधों को जन्म दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नशे के सौदागरों और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और भयावह हो जाएगी।
अब हर थाने के बाहर होगा आंदोलन
शहर कांग्रेस ने भविष्य के लिए रणनीति साफ करते हुए ऐलान किया है कि अब जिस भी थाना क्षेत्र में कोई गंभीर आपराधिक घटना होगी, कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे उसी थाने के बाहर प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सोए हुए पुलिस प्रशासन को जगाने के लिए है। यदि कानून व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।










