महासमुंद जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई; बसना और बागबाहरा में 1350 कट्टा धान जब्त

 महासमुंद जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई; बसना और बागबाहरा में 1350 कट्टा धान जब्त

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

महासमुंद जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई; बसना और बागबाहरा में 1350 कट्टा धान जब्त

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के सख्त निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के भंडारण और संग्रहण के विरुद्ध प्रशासन का कड़ा अभियान जारी है। इसी कड़ी में आज राजस्व और विभागीय अमले ने दो अलग-अलग विकासखंडों में दबिश देकर कुल 1350 कट्टा अवैध धान जब्त किया है।

बसना: 1000 पैकेट धान के साथ रकबा समर्पण

बसना एसडीएम हरिशंकर पैकरा के नेतृत्व में ग्राम मोहका में जांच अभियान चलाया गया। यहाँ उत्तम कुमार बारीक के परिसर का भौतिक सत्यापन करने पर 1000 पैकेट अवैध रूप से संग्रहित धान पाया गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान को जब्त किया और नियमानुसार संबंधित रकबे का समर्पण कराते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

बागबाहरा: 350 पैकेट धान मंडी के सुपुर्द

वहीं, बागबाहरा विकासखंड के खड़ा दरहा मुंगासेर क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर शुभम देव के नेतृत्व में सघन जांच की गई। इस दौरान लगभग 350 पैकेट अवैध धान बरामद किया गया। जब्त किए गए धान को मंडी प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया है।

कलेक्टर की सख्त चेतावनी

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट किया है कि शासन के नियमों का उल्लंघन कर धान का अवैध परिवहन, भंडारण या संग्रहण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों और संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी बढ़ाते हुए कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रखें।