दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे टेक्नीशियन की मौत, ड्यूटी के दौरान हुआ वाकया
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे टेक्नीशियन की मौत, ड्यूटी के दौरान हुआ वाकया
दुर्ग। रविवार की सुबह दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें रेलवे के एक टेक्नीशियन की जान चली गई। मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे। यह घटना मुंबई–हावड़ा मुख्य रेलवे ट्रैक पर प्लेटफॉर्म नंबर 6 के समीप सुबह करीब 9 बजे घटित हुई।
जीआरपी अधिकारी के बयान
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, अजय कुमार रविवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे की प्रथम पाली की ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह करीब 9 बजे, रायपुर छोर की ओर रेल पोल क्रमांक 865/27 के पास से एक खाली मालगाड़ी (N/BOX EMPTY) गुजर रही थी। इसी दौरान अजय कुमार अचानक मालगाड़ी की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
मौके पर पहुँची जीआरपी और आरपीएफ
हादसे की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचित किया। इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी दुर्ग चौकी की पुलिस और अन्य रेलवे कर्मचारी घटनास्थल पर पहुँचे। रेल यातायात को सुचारू रखने के लिए आरपीएफ की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर मर्च्युरी (शवागार) भेजा गया।
जांच में जुटी पुलिस
दुर्ग जीआरपी चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना का मामला लग रहा है, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके स्टेशन पहुँचने के बाद पंचनामा की कार्रवाई और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।











