बसना: पिरदा धान खरीदी केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा, केंद्र प्रभारी और राइस मिलर पर FIR दर्ज

 बसना: पिरदा धान खरीदी केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा, केंद्र प्रभारी और राइस मिलर पर FIR दर्ज

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

बसना: पिरदा धान खरीदी केंद्र में बड़ा फर्जीवाड़ा, केंद्र प्रभारी और राइस मिलर पर FIR दर्ज

बसना/पिथौरा: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। बसना क्षेत्र के धान उपार्जन केन्द्र पिरदा में पुराने और गुणवत्ताहीन धान को खपाने की कोशिश का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में पुलिस ने केंद्र प्रभारी रोहित पटेल और मालती राइस मिल के मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

रात के अंधेरे में खपाया जा रहा था पुराना धान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 30 दिसम्बर की रात करीब 10:30 बजे हुई। केंद्र प्रभारी रोहित पटेल और मालती राइस मिल के संचालक द्वारा मेटाडोर (वाहन क्रमांक CG06 GR 8702) के जरिए 130 बोरा पुराना और घटिया स्तर का धान उपार्जन केंद्र लाया गया था। इस धान को नए धान के साथ स्टेकिंग कर शासन को बेचने की योजना थी, जो कि शासन की धान खरीदी नीति के पूर्णतः विरुद्ध है।

जांच टीम ने रंगे हाथों पकड़ा

अनियमितता की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार पिथौरा ललित सिंग, मंडी उप निरीक्षक पी.एस. विशाल और ग्राम कोटवार आकाश चौहान की संयुक्त टीम ने केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर अवैध धान बरामद किया गया। इस हेराफेरी के माध्यम से शासन को लगभग 1,23,000 रुपये की आर्थिक क्षति पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिसिया कार्रवाई

जांच दल की रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी रोहित पटेल और मालती राइस मिल के मालिक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।