दरभा में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई; स्कॉर्पियो छोड़कर भागे तस्कर, दुर्लभ पेंगोलिन बरामद

 दरभा में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई; स्कॉर्पियो छोड़कर भागे तस्कर, दुर्लभ पेंगोलिन बरामद

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

दरभा में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई; स्कॉर्पियो छोड़कर भागे तस्कर, दुर्लभ पेंगोलिन बरामद

दरभा (बस्तर):नए साल के पहले ही दिन बस्तर पुलिस को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्कॉर्पियो वाहन से विलुप्तप्राय और अत्यंत दुर्लभ वन्य प्राणी पेंगोलिन को बरामद किया है। हालांकि, पुलिस को देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने में सफल रहे।

चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी 2026 की सुबह उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद मिश्रा अपनी टीम के साथ तीरथगढ़ तिराहा चौक के पास वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। पुलिस टीम सुबह 9 बजे से ही संदिग्ध वाहनों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की चेकिंग में जुटी थी।

पुलिस को देख जंगल में कूदे तस्कर

दोपहर करीब 12:40 बजे कुटुम्बसर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक CG18 R 9974) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख तस्कर घबरा गए और वाहन को करीब 50 मीटर पहले ही रोक दिया। इसके बाद वाहन में सवार चार अज्ञात व्यक्ति तुरंत नीचे उतरे और पास के घने जंगल की ओर भाग निकले।

पेंगोलिन और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में संदिग्ध वाहन की तलाशी ली, जिसमें से एक जीवित भूरे रंग का दुर्लभ पेंगोलिन बरामद हुआ। इसके साथ ही वाहन से एक बैग और अन्य सामग्री भी मिली है। पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर पेंगोलिन और वाहन को विधिवत जप्त कर लिया है।

मामला दर्ज, तलाश जारी

दरभा थाना पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ ‘वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972’ की विभिन्न धाराओं (9, 39, 44, 49, 50, 51, 52 एवं 57) के तहत अपराध क्रमांक 01/2026 दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और इस तस्करी नेटवर्क के पीछे शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।