ट्रांसपोर्ट की आड़ में चल रहा था शराब का काला खेल, 2600 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
ट्रांसपोर्ट की आड़ में चल रहा था शराब का काला खेल, 2600 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर:नए साल के स्वागत की तैयारियों के बीच अंबिकापुर आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अवैध शराब के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने शहर से सटे ग्राम क्रांतिप्रकाशपुर स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा से तस्करी कर लाई गई थी और इसे नए साल के जश्न के दौरान खपाने की योजना थी।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि दर्रीपारा निवासी सौरभ सिंह, जो ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है, नए साल के मौके पर खपाने के लिए भारी मात्रा में बाहरी शराब मंगा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने सौरभ सिंह को हिरासत में लेकर उसके क्रांतिप्रकाशपुर स्थित गोदाम की तलाशी ली, जहां से हरियाणा निर्मित 300 पेटी (लगभग 2600 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुराना खिलाड़ी है आरोपी सौरभ सिंह
जांच में सामने आया है कि आरोपी सौरभ सिंह लंबे समय से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय की आड़ में अवैध शराब का नेटवर्क चला रहा था। वह छोटे विक्रेताओं को शराब की आपूर्ति करता था। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी पूर्व में भी आबकारी की रडार पर था। पिछले एक छापे में उसके गोदाम से 26-27 लाख रुपये की पंजाब निर्मित शराब मिली थी, जिसमें उसका मैनेजर गिरफ्तार हुआ था और सौरभ फरार हो गया था।
छोटे विक्रेताओं ने ही खोल दी पोल
आबकारी विभाग को आशंका थी कि सौरभ दोबारा सक्रिय हो सकता है, इसलिए टीम ने मुखबिरों का जाल बिछा रखा था। बताया जा रहा है कि जिन छोटे विक्रेताओं को वह शराब सप्लाई करता था, उन्हीं में से किसी ने हरियाणा से शराब के बड़े स्टॉक के आने की जानकारी विभाग को दे दी थी।
विधिक कार्रवाई जारी
आबकारी विभाग ने आरोपी सौरभ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। विभाग ने आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि हरियाणा से यह खेप किस मार्ग से अंबिकापुर तक पहुंची।









