छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुई ED: भारतमाला सड़क परियोजना में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच, अफसरों और कारोबारियों में हड़कंप
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुई ED: भारतमाला सड़क परियोजना में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच, अफसरों और कारोबारियों में हड़कंप
रायपुर/महासमुंद: छत्तीसगढ़ में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित घोटाले को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। ED की अलग-अलग टीमों ने प्रदेश की राजधानी रायपुर और महासमुंद जिले में एक साथ 9 ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के बाद से ही राज्य के प्रशासनिक और व्यापारिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।
रायपुर में खनूजा के घर जांच का केंद्र
रायपुर के पॉश इलाके विधानसभा रोड स्थित ‘लॉ-विष्टा सोसाइटी’ में कारोबारी हरमीत खनूजा का आवास ED की कार्रवाई का मुख्य केंद्र बना हुआ है। सोमवार सुबह से ही अधिकारियों की टीम वहां मौजूद है और जमीन से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, हरमीत खनूजा के सहयोगियों और कुछ सरकारी अधिकारियों के ठिकानों पर भी छापे मारे गए हैं।
महासमुंद में तड़के पहुंची टीम
महासमुंद जिले में भी ED ने कड़ी कार्रवाई की है। सुबह करीब 6 बजे अधिकारियों की टीम दो गाड़ियों में मेघ बसंत इलाके में स्थित व्यवसायी जसबीर सिंह बग्गा के निवास पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही घर के बाहर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया और बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी कार्रवाई भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई जमीनों के मुआवजे में हुई कथित गड़बड़ी से जुड़ी है। आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजे के वितरण में भारी अनियमितता और फर्जीवाड़ा किया गया है। ED इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) के पहलुओं की जांच कर रही है।
जारी है दस्तावेजों की छानबीन
फिलहाल सभी 9 ठिकानों पर ED की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आने वाले समय में कुछ बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुआवजे की राशि में हुए खेल का पैसा किन-किन लोगों तक पहुंचा और इसमें कौन-कौन से अधिकारी व बिचौलिए शामिल थे।










