रायगढ़: प्रेमिका की बेवफाई से आहत युवक ने सोशल मीडिया पर 10 मिनट का वीडियो डाल दी जान; कहा- ‘तुम खुश रहना, बस यही चाहता हूं’
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
रायगढ़: प्रेमिका की बेवफाई से आहत युवक ने सोशल मीडिया पर 10 मिनट का वीडियो डाल दी जान; कहा- ‘तुम खुश रहना, बस यही चाहता हूं’
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नया गंज कोष्टापारा में रहने वाले 29 वर्षीय युवक अभिषेक गुप्ता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अभिषेक ने मौत को गले लगाने से पहले सोशल मीडिया पर एक 10 मिनट का भावुक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी आपबीती सुनाई और दुनिया को ‘गुडबाय’ कह दिया।
वीडियो में छलका दर्द: “एक ने जीना सिखाया, दूसरे ने मरना”
वीडियो में अभिषेक ने अपनी जिंदगी की दो प्रेम कहानियों का जिक्र किया है। उसने बताया कि पहली प्रेमिका ने उसे जीना सिखाया था और वह उसके लिए देवी समान थी, जिससे सहमति से दूरी बनी और उसकी शादी हो गई। अभिषेक ने दूसरी युवती पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उसे मरना सिखाया। युवक के अनुसार, शादी के महज दो दिन पहले तक उक्त युवती उसके साथ चूड़ियां खरीदने गई थी, लेकिन उसने अपनी शादी की बात छिपाई। प्रेमिका की दूसरी जगह शादी होने से अभिषेक गहरे मानसिक तनाव में था।
पुलिस कार्रवाई और जांच
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि गुरुवार रात युवक ने अपने घर में फांसी लगा ली। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग के कारण उपजे अवसाद का लग रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है, खबर लिखे जाने तक मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
मदद के लिए यहाँ संपर्क करें:
अगर आप या आपके जानने वाला कोई व्यक्ति मानसिक तनाव या कठिन समय से गुजर रहा है, तो कृपया नीचे दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें:
Kiran (Samanvay): 1800-599-0019 (भारत सरकार की 24/7 हेल्पलाइन)
Vandrevala Foundation: 9999666555
iCall: 9152987821










