सरायपाली: शिक्षक के सूने मकान का ताला तोड़कर 97 हजार की चोरी, परिवार गया था इलाज कराने
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
सरायपाली: शिक्षक के सूने मकान का ताला तोड़कर 97 हजार की चोरी, परिवार गया था इलाज कराने
सरायपाली: सरायपाली थाना क्षेत्र के वीरेंद्र नगर महलपारा में एक शिक्षक के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान समेत कुल 97,000 रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इलाज के लिए बाहर गया था परिवार
पीड़ित दामोदर महापात्र (50), जो सिरबोड़ा के शासकीय हाई स्कूल में शिक्षक हैं, ने पुलिस को बताया कि वे 21 दिसंबर को सुबह 7 बजे अपने घर पर ताला लगाकर पत्नी ज्योतिर्मयी और बेटी अंशिका के साथ झारसुगुड़ा (ओडिशा) गए थे। परिवार अपनी सास की आंख के ऑपरेशन के सिलसिले में वहां गया था। 24 फरवरी को जब वे संबलपुर के एक आई हॉस्पिटल में थे, तब करीब दोपहर 12 बजे पड़ोसी पिंकी अग्रवाल ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।
लाखों के जेवर और घरेलू सामान पार
सूचना मिलते ही जब शिक्षक अपने परिवार के साथ वापस लौटे, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गए। चोरों ने घर के विभिन्न कमरों का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती सामान चोरी कर लिए थे। चोरी हुए सामानों में:
सोने के जेवरात
लैपटॉप
गैस सिलेंडर
पंखे
3 इंडक्शन चूल्हे और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।
शिक्षक की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के संबंधित पोर्टल पर मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों व अन्य माध्यमों से अज्ञात चोर की तलाश की जा रही है।










