पाटन में लकड़ी का अवैध परिवहन करते वाहन जब्त, प्रतिबंधित काष्ठ की तस्करी मामले में 19वीं बड़ी कार्रवाई
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
पाटन में लकड़ी का अवैध परिवहन करते वाहन जब्त, प्रतिबंधित काष्ठ की तस्करी मामले में 19वीं बड़ी कार्रवाई
दुर्ग। दुर्ग वन विभाग की टीम ने पाटन क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने कुम्हली गांव के पास घेराबंदी कर लकड़ी से लदे एक वाहन को पकड़ा है। जांच में पाया गया कि वाहन में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ियों का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
डीएफओ (DFO) दीपेश कपिल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुम्हली गांव में टीम ने वाहन क्रमांक CG 11 AB 1690 को रोककर तलाशी ली। प्राथमिक पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रकाश बताया है। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि वह कुम्हली गांव से लकड़ी लोड कर गाड़ाडीह की ओर जा रहा था। आरोपी चालक पहले लकड़ियों को धर्मकांटा ले जाकर वजन कराने वाला था और उसके बाद उसे गुप्त ठिकाने पर खपाने की योजना थी।
वन विभाग ने प्रतिबंधित काष्ठ का अवैध परिवहन करने के आरोप में चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। जब्त वाहन और लकड़ियों को सुरक्षित पाटन डिपो में लाकर रखा गया है। उल्लेखनीय है कि पाटन क्षेत्र में वन विभाग की मुस्तैदी के चलते अब तक अवैध परिवहन में संलिप्त 19 वाहनों को जब्त किया जा चुका है। विभाग अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गया है।





