नया रायपुर में खूनी संघर्ष: हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी में राहुल गवली गैंग का तांडव, गाड़ियां तोड़ीं, युवक को बेरहमी से पीटा

 नया रायपुर में खूनी संघर्ष: हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी में राहुल गवली गैंग का तांडव, गाड़ियां तोड़ीं, युवक को बेरहमी से पीटा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

****************************

नया रायपुर में खूनी संघर्ष: हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी में राहुल गवली गैंग का तांडव, गाड़ियां तोड़ीं, युवक को बेरहमी से पीटा

 

रायपुर: नवा रायपुर के ‘एल्सवेयर’ (Elsewhere) होटल में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल टेक्नो पार्टी उस समय अखाड़े में तब्दील हो गई, जब आपसी रंजिश के चलते दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि राहुल गवली गैंग के सदस्यों ने पार्टी में मौजूद शुभम लेखवानी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया और होटल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की।

तेज संगीत के बीच शुरू हुआ तांडव

घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देर रात जब पार्टी अपने शबाब पर थी, तभी अचानक विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते हमलावरों ने लाठी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में शुभम लेखवानी को गंभीर चोटें आई हैं। उपद्रवियों ने होटल के बाहर खड़ी कई लग्जरी गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे वहां मौजूद लोगों और होटल स्टाफ में भगदड़ मच गई।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राहुल गवली और उसके साथी फरार हो चुके थे। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। फिलहाल पीड़ित शुभम का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल

मंदिर हसौद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस घटना ने नया रायपुर के होटल और क्लबों में होने वाली नाइट पार्टियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे आयोजनों के लिए कड़े सुरक्षा नियम और पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जाना चाहिए।