रायगढ़ में धान खरीदी केंद्रों पर हाथियों का धावा, बंगुरसिया में 3 रातों में 17 बोरी धान किया बर्बाद

 रायगढ़ में धान खरीदी केंद्रों पर हाथियों का धावा, बंगुरसिया में 3 रातों में 17 बोरी धान किया बर्बाद

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

रायगढ़ में धान खरीदी केंद्रों पर हाथियों का धावा, बंगुरसिया में 3 रातों में 17 बोरी धान किया बर्बाद

 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। रायगढ़ वन मंडल के बंगुरसिया सर्किल में हाथी हर रात धान खरीदी केंद्रों को निशाना बना रहे हैं। शनिवार (20 दिसंबर) की रात करीब 8 बजे एक दंतैल हाथी जंगल से निकलकर सीधे बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र पहुंच गया। हाथी न केवल धान खा रहे हैं, बल्कि बड़ी मात्रा में उसे पैरों तले कुचलकर फैला रहे हैं, जिससे भारी नुकसान हो रहा है।

3 रातों में 17 बोरी धान का नुकसान

ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन रातों में हाथियों ने खरीदी केंद्र में रखी 17 बोरी धान को नुकसान पहुंचाया है। यदि पिछले एक सप्ताह की बात करें, तो अब तक कुल 19 बोरी धान बर्बाद हो चुका है। शनिवार रात जैसे ही हाथी के केंद्र पर पहुंचने की खबर मिली, वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल तत्काल मौके पर पहुंचे और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।

किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

हाथियों का कहर केवल खरीदी केंद्रों तक सीमित नहीं है। बंगुरसिया से लगे जुनवानी गांव में एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। यहाँ 11 किसानों की सब्जी और केले की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया है। प्रभावित किसानों में ननकी साहू, विदेशी साहू, मंगलू राम साहू, सेतकुमार मालाकार, कृष्ण गोपाल मालाकार, मथुरा मालाकार, नरेन्द्र मालाकार, गुरु यादव, रतन यादव, करुणा सागर मालाकार और साखीराम मालाकार शामिल हैं।

जिले में 43 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, रायगढ़ वन मंडल में वर्तमान में कुल 43 हाथी सक्रिय हैं। इनका विवरण इस प्रकार है:

बंगुरसिया पश्चिम: 31 हाथियों का बड़ा दल।

बंगुरसिया पूर्व: 5 हाथी।

तमनार रेंज (पूंजीपथर बीट): 5 हाथी।

घरघोड़ा रेंज (छर्राटांगर): 2 हाथी।

कुल 43 हाथियों में 13 नर, 22 मादा और 8 शावक शामिल हैं। वन अमला लगातार हाथियों की निगरानी कर रहा है ताकि जनहानि या किसी बड़े आर्थिक नुकसान को टाला जा सके। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।