तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में दो की मौत, एक युवती की हालत नाजुक

 तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में दो की मौत, एक युवती की हालत नाजुक

प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट

******************************

 

तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में दो की मौत, एक युवती की हालत नाजुक

दुर्ग,भिलाई। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमनी मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है। घटना मेहंदी बाड़ी के पास एक मोड़ पर हुई, जहाँ मुरम से लदे एक तेज रफ्तार हाइवा (CG 04 LS 9146) ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक (CG 07 BL 9972) को अपनी चपेट में ले लिया।

लिफ्ट लेकर गांव लौट रही थीं युवतियां

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गनियारी (सतनामी पारा) निवासी भूमिका बंजारे (25 वर्ष) और उसकी सहेली सनोज सोनकर (23 वर्ष) किसी काम से भिलाई-3 आई थीं। वापसी के दौरान उन्होंने सिरसा गेट से एक बाइक सवार से गनियारी जाने के लिए लिफ्ट ली थी। दोपहर करीब 2:15 बजे जब वे सोमनी मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर हुई चालक की मौत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक बाइक चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। वहीं, पीछे बैठी भूमिका बंजारे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

घायल युवती रायपुर एम्स रेफर

हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती सनोज सोनकर को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद आरोपी हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। भिलाई-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात बाइक चालक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।