महासमुंद: अवैध धान परिवहन पर प्रशासन का डंडा, सरायपाली में 694 बोरा धान से लदा ट्रक जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
महासमुंद: अवैध धान परिवहन पर प्रशासन का डंडा, सरायपाली में 694 बोरा धान से लदा ट्रक जब्त
महासमुंद/सरायपाली:महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के सख्त निर्देशों के बाद जिले में अवैध धान के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में सरायपाली विकासखंड के रेहटीखोल क्षेत्र में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 694 बोरा अवैध धान जब्त किया है।
ओडिशा से लाया जा रहा था धान
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने रेहटीखोल के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में धान पाया गया, जिसे ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में लाया जा रहा था। जब ट्रक चालक से धान से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका।
319 क्विंटल धान और ट्रक जब्त
प्रशासनिक टीम ने ट्रक में लदे कुल 694 बोरा धान को जब्त किया है, जिसका कुल वजन लगभग 319 क्विंटल आंका गया है। वैध दस्तावेजों के अभाव में धान और वाहन दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिंघोड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
निगरानी रहेगी जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और बिचौलियों पर लगाम कसने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती इलाकों और भंडारण केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर है ताकि अवैध धान की आवक को पूरी तरह रोका जा सके।








