राजिम के लोहरसी धान खरीदी केंद्र में मिली भारी अनियमितता, प्राधिकृत अधिकारी हटाए गए, प्रभारी निलंबित
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
राजिम के लोहरसी धान खरीदी केंद्र में मिली भारी अनियमितता, प्राधिकृत अधिकारी हटाए गए, प्रभारी निलंबित
राजिम/गरियाबंद:गरियाबंद जिले में धान खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। कलेक्टर बी.एस. उईके के सतत मॉनिटरिंग के निर्देशों के पालन में राजस्व विभाग की टीम लगातार खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में राजिम तहसील के लोहरसी धान उपार्जन केंद्र में बड़ी अनियमितता उजागर हुई है, जिस पर प्रशासन ने तत्काल कड़ा एक्शन लिया है।
निरीक्षण में खुली पोल
मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार और नायब तहसीलदार राजिम द्वारा लोहरसी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वहां धान उपार्जन की प्रक्रिया में गंभीर खामियां और नियम विरुद्ध कार्य पाए गए। कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बावजूद लापरवाही बरतने पर जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी।
हुई कड़ी कार्रवाई
जांच रिपोर्ट में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद, त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीण सेवा सहकारी समिति मर्यादित लोहरसी के प्राधिकृत अधिकारी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इसके साथ ही, धान खरीदी प्रभारी को भी कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर की पैनी नजर, सख्ती रहेगी जारी
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले के किसी भी उपार्जन केंद्र पर किसानों के साथ धोखाधड़ी या धान खरीदी में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर बी.एस. उईके ने सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आने वाले दिनों में अन्य केंद्रों पर भी इसी तरह की जांच और सख्ती जारी रहेगी, ताकि उपार्जन प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी बनी रहे।








