नागपुर एयरपोर्ट से NSUI महासचिव आकाश कन्नौजिया गिरफ्तार, प्राचार्य से अभद्रता और गुंडई का था आरोपी; अन्य फरार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
नागपुर एयरपोर्ट से NSUI महासचिव आकाश कन्नौजिया गिरफ्तार, प्राचार्य से अभद्रता और गुंडई का था आरोपी; अन्य फरार
भिलाई/नागपुर: कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के कक्ष में घुसकर अभद्रता, मारपीट का प्रयास और शासकीय दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे NSUI के महासचिव आकाश कन्नौजिया को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम ने पुलिस को चकमा देकर दिल्ली भागने की फिराक में लगे आरोपी को नागपुर एयरपोर्ट पर धर दबोचा।
यह है पूरा मामला
शिकायत के अनुसार, आरोपी आकाश कन्नौजिया और उसके साथियों ने कॉलेज प्राचार्य के कक्ष में घुसकर न केवल उनके साथ बदसलूकी की, बल्कि उन्हें चप्पलों की माला पहनाने का भी प्रयास किया। उन पर प्राचार्य की मेज पर बैठकर अश्लील गालियां देने, सरकारी दस्तावेजों को फाड़ने और स्याही फेंककर नुकसान पहुँचाने का भी आरोप है। इस घटना के वायरल वीडियो ने पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान का आधार बनाया।
क्राइम ब्रांच ने नागपुर में दबोचा
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने शुरुआत में दीपक पाल और हरदीप रात्रे को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी आकाश कन्नौजिया के प्रदेश छोड़कर भागने की सूचना मिलने पर, एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की एक विशेष टीम ने उसका पीछा किया और नागपुर एयरपोर्ट से उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी को भिलाई लाया जा रहा है।
अन्य आरोपी अब भी फरार
एएसपी पद्मश्री तंवर ने स्पष्ट किया है कि प्राचार्य से बदसलूकी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाने में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में पूर्व मानदेय प्राध्यापक नितेश गुप्ता, आनंद यदु, आशीष कालो, भौमिक पटेल, अंशुल शर्मा समेत अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर रही है।








