दुर्ग में कड़ाके की ठंड: स्कूलों के समय में बदलाव, नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
++++++++++++++++++++++++
दुर्ग में कड़ाके की ठंड: स्कूलों के समय में बदलाव, नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू
दुर्ग,जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए, दुर्ग जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से संशोधन किया है। दुर्ग कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है, जिसके तहत प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक की कक्षाओं की नई समय-सारणी 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। यह आदेश जिले के सभी प्रकार के शिक्षण संस्थानों—शासकीय, अशासकीय, निजी, बीएसपी, सीबीएसई और अन्य बोर्ड पर समान रूप से लागू होगा।
जिला प्रशासन ने यह निर्णय मौसम विभाग द्वारा तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी और स्कूल शिक्षा मंत्री से लगातार की जा रही मांगों के बाद लिया है, ताकि सुबह की पाली में ठंड के कारण बच्चों के बीमार पड़ने की संभावनाओं को कम किया जा सके।
दो पाली वाले स्कूलों के लिए नई समय-सारणी:
जिन विद्यालयों में कक्षाएं दो पालियों में संचालित होती हैं, उनके लिए समय में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:
प्रथम पाली (प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक कक्षाएं):
सोमवार से शुक्रवार: सुबह 08:00 बजे से 11:45 बजे तक।
शनिवार: दोपहर 12:15 बजे से शाम 04:15 बजे तक।
द्वितीय पाली (हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी कक्षाएं):
सोमवार से शुक्रवार: दोपहर 12:00 बजे से शाम 04:45 बजे तक।
शनिवार: सुबह 08:00 बजे से 11:45 बजे तक।
एक पाली वाले स्कूलों के समय में भी संशोधन:
एकल पाली (सिंगल शिफ्ट) में संचालित होने वाले विद्यालयों के समय में भी संशोधन किया गया है। अब ये स्कूल:
सोमवार से शुक्रवार: सुबह 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक संचालित होंगे।
शनिवार: सुबह 8 बजे से 12 बजे तक स्कूल संचालित होंगे।
जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को इस बदली हुई समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, मौसम खराब होने की स्थिति में परिवहन व्यवस्था, उपस्थिति और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए हैं। मौसम की स्थिति के आधार पर यह निर्देश आगे भी बढ़ाए जा सकते हैं।






