शादी के दबाव में कोरबा में युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
शादी के दबाव में कोरबा में युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा: ऊर्जाधानी कोरबा के एक होटल में शुक्रवार को मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बताया है कि शादी के दबाव की वजह से यह जघन्य अपराध किया गया।
शादी का प्रेशर बनाने पर की हत्या
कोरबा पुलिस ने बताया कि मृतका और आरोपी युवक, राकेश कुमार मानिकपुरी, गुरुवार से होटल चंदेला के कमरा नंबर 207 में ठहरे हुए थे। दोनों के बीच अनैतिक संबंध थे। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा था और दो बच्चों का बाप भी है। मृतका उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे तंग आकर आरोपी ने गुस्से में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार को होटल के कमरे में मिली थी लाश
पुलिस को शुक्रवार सुबह होटल स्टाफ ने सूचना दी कि कमरा नंबर 207 अंदर से बंद है और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला तो युवती की लाश बरामद हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि युवती 4 दिसंबर से युवक के साथ रह रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई और आरोपी की तलाश शुरू की।
परिजनों ने की पहचान, आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज
वारदात की सूचना जांजगीर निवासी मृतका के परिजनों को दी गई, जो कोरबा पहुंचे और शव की शिनाख्त की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
युवती के चाचा की रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार मानिकपुरी के खिलाफ हत्या (धारा 302 आईपीसी) का मामला दर्ज किया। गहन जांच और तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।








