रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; शादीशुदा मनीष दो बच्चों का पिता था, ड्राइवर फरार

 रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; शादीशुदा मनीष दो बच्चों का पिता था, ड्राइवर फरार

प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट

*******************************

तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौके पर मौत; शादीशुदा मनीष दो बच्चों का पिता था, ड्राइवर फरार

दुर्ग, : बीती रात दुर्ग जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना संभाग आयुक्त कार्यालय के ठीक सामने रात करीब 11:30 बजे हुई, जब सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
यह मामला मोहननगर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान मनीष सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के धुबिया गांव का निवासी था। मनीष दुर्ग के मालवीय चौक के पास एक गर्म कपड़ों की दुकान में काम करता था।

खाना खाकर लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, 3 दिसंबर की रात दुकान बंद करने के बाद मनीष सड़क पार कर सामने स्थित एक होटल में खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद वापस दुकान की ओर लौटते समय यह जानलेवा हादसा हुआ।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा ट्रक बेहद तेज गति में था। चालक ने सड़क पार कर रहे मनीष को देखा, लेकिन न तो ब्रेक लगाया और न ही गति धीमी की, जिससे मनीष सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।


परिवार सदमे में, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मनीष के साथी और मोहननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।


मनीष सिंह शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनमें एक ढाई साल का और दूसरा मात्र तीन महीने का है। रोजी-रोटी के लिए घर से दूर आए मनीष की असमय मौत की खबर ने उत्तर प्रदेश स्थित उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक और वाहन की पहचान की जा सके। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस और मनीष के साथियों की मदद से शव को उसके पैतृक गांव उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी की जा रही है।