धमकियों से तंग आकर पिता ने की आत्महत्या: बालोद पुलिस पर लापरवाही का आरोप, थाने के सामने प्रदर्शन

 धमकियों से तंग आकर पिता ने की आत्महत्या: बालोद पुलिस पर लापरवाही का आरोप, थाने के सामने प्रदर्शन

प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट

****************************

धमकियों से तंग आकर पिता ने की आत्महत्या: बालोद पुलिस पर लापरवाही का आरोप, थाने के सामने प्रदर्शन

बालोद, :छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक 44 वर्षीय पिता ने युवक द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों और पुलिस की कथित निष्क्रियता से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ग्राम समिति अध्यक्ष रामनारायण टांडिया के रूप में हुई है। इस हृदय विदारक घटना के बाद, आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को थाने के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, रामनारायण टांडिया की गोद ली हुई बेटी दुर्ग में डीएड की पढ़ाई कर रही थी। उसका मानपुर क्षेत्र के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे वह गर्भवती हो गई। शुरुआत में युवक ने शादी के लिए हामी भरी, लेकिन बाद में वह मुकर गया। इसके बाद उसने युवती और उसके पिता रामनारायण को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, जिसमें मारपीट भी शामिल थी।

पुलिस कार्रवाई न होने से बढ़ा तनाव

युवक की हरकतों से परेशान होकर, रामनारायण ने 17 अक्टूबर को स्थानीय थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपी का दुस्साहस और बढ़ गया। धमकियों के कारण रामनारायण पिछले एक महीने से अत्यधिक तनाव में थे और रोज अपनी बेटी को खुद कॉलेज छोड़ने और लेने जाते थे।

बीच रास्ते लगाई फांसी

सोमवार की देर रात रामनारायण अपनी बेटी को कॉलेज से लेकर वापस आ रहे थे। साल्हेटोला-धरमपुरा के बीच उन्होंने अचानक गाड़ी रोकी, नीचे उतरे और एक पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

थाने के सामने प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद, ग्रामीण और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की लापरवाही को मुख्य वजह बताते हुए, बालोद थाने के सामने शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।