राजनांदगांव कलेक्टर ने अलसुबह किया चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण; अन्य राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने सख्त निर्देश, अब तक 4.67 करोड़ का धान जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
राजनांदगांव कलेक्टर ने अलसुबह किया चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण; अन्य राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने सख्त निर्देश, अब तक 4.67 करोड़ का धान जब्त
राजनांदगांव,जिले में धान के अवैध परिवहन और बिक्री पर नकेल कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने आज तड़के सुबह 4 बजे अचानक अंतरराज्यीय चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बोरतलाव, डोंगरगढ़, और पाटेकोहरा (छुरिया) स्थित नाकों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अवैध धान रोकने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे पड़ोसी राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच करें और प्रत्येक वाहन की एंट्री रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। अवैध धान की एक भी खेप जिले में प्रवेश न करे, यह सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने को कहा। इसके अतिरिक्त, एसडीएम डोंगरगढ़ को बोरतलाव चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ाने के लिए तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगवाने का भी निर्देश दिया गया है।
कोचियों-बिचौलियों पर जारी है कार्रवाई
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में बाहरी और अवैध धान की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोचियों और बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई जारी है। चेतावनी दी गई है कि यदि अवैध बिक्री की पुनरावृत्ति होती है या इसमें कोई संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। जिले भर में 1500 मंडी अनुज्ञप्ति धारियों को सूचीबद्ध किया गया है, जिनकी जांच कर अवैध रूप से भंडारित धान को जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों ने सराही सरकारी व्यवस्था
सरकारी खरीदी केंद्रों पर धान बेचने पहुंचे कई किसानों ने शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। ग्राम ईरा के राधेश्याम साहू, अछोली के राम प्रसाद वर्मा, आरगांव के संतोष गंधर्व और मचानपार के राकेश साहू ने बताया कि खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए अच्छी सुविधाएँ प्रदान की गई हैं। उन्होंने अवैध धान बेचने वालों पर हो रही कार्रवाई को एक सराहनीय पहल बताया, जिससे वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर सीधे सरकार को धान बेचने में मदद मिल रही है।
एक दिन में 12.50 लाख का अवैध धान जब्त
अवैध धान के खिलाफ जारी अभियान के तहत, शुक्रवार को खाद्य, राजस्व और मंडी विभाग के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की। एक ही दिन में 10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज करते हुए 402.80 क्विंटल (1007 बोरा) अवैध धान जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 48 हजार 680 रुपए है। इसमें राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और डोंगरगांव के मामले शामिल हैं।
अब तक की कुल कार्रवाई में, प्रशासन ने कुल 111 प्रकरण दर्ज किए हैं। इनमें 15,066.66 क्विंटल अवैध धान (37,667 बोरा) और 7 वाहन जब्त किए गए हैं, जिसकी कुल बाजार कीमत 4 करोड़ 67 लाख 6 हजार 646 रुपए आंकी गई है।








