राजनांदगांव मुठभेड़: कौहापानी के जंगल में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

 राजनांदगांव मुठभेड़: कौहापानी के जंगल में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट

****************************

राजनांदगांव मुठभेड़: कौहापानी के जंगल में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

राजनांदगांव, राजनांदगांव जिले के थाना बोरतलाव क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कौहापानी के पहाड़ी जंगल क्षेत्र में 19 नवंबर को हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के बाद चलाए गए सघन सर्चिंग अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। लगभग 300 अतिरिक्त बलों को शामिल कर चलाए गए ऑपरेशन के द्वितीय चरण में नक्सलियों के डेरे तक पहुंची पुलिस पार्टी ने भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री और महत्वपूर्ण नक्सली साहित्य व उपकरण बरामद किए हैं।

शहीद निरीक्षक आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि

यह अभियान उस स्थानीय सूचना के बाद शुरू किया गया था जिसमें कौहापानी जंगल में नक्सलियों की उपस्थिति का पता चला था। जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश), जिला गोंदिया (महाराष्ट्र), जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) की संयुक्त पुलिस पार्टी जब नक्सल विरोधी अभियान हेतु रवाना हुई, तो सर्चिंग के दौरान पुलिस पार्टी एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जिला बालाघाट, मध्य प्रदेश के एक बहादुर निरीक्षक आशीष शर्मा गोली लगने से शहीद हो गए।

सघन घेराबंदी और सर्चिंग ऑपरेशन

मुठभेड़ के पश्चात्, शहीद पुलिसकर्मी के बलिदान के बाद, पुलिस ने नक्सलियों की घेराबंदी और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान को और अधिक तीव्र कर दिया। अगले 3-4 दिनों तक लगातार सघन सर्चिंग की गई। ऑपरेशन के द्वितीय चरण में एसटीएफ छत्तीसगढ़, डीआरजी राजनांदगांव और डीआरजी मोहला-मानपुर की प्रमुख भागीदारी रही।

नक्सलियों का डेरा ध्वस्त, महत्वपूर्ण सामग्री जब्त

सर्चिंग पार्टी जब नक्सलियों के डेरे तक पहुंची, तो पुलिस को अपनी ओर आता देख नक्सली अपने सामान को छोड़कर जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। घटनास्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जिनमें शामिल हैं:

नक्सलियों की वर्दियां और पिट्ठू बैग

महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं डायरियां

सोलर पैनल एवं चार्जिंग सेट्स

खाना बनाने के बर्तन, टेंट, और तिरपाल

वॉकी-टॉकी सेट

विस्फोटक सामग्री

राशन सामग्री

मुठभेड़ में नक्सलियों के घायल होने की आशंका

मुठभेड़ स्थल से कुछ दूरी पर भारी मात्रा में खून के धब्बे पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि इस मुठभेड़ में कम से कम 03 नक्सली गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षाबल आगे की कार्रवाई में जुटे हुए हैं।