महुआ बीनने को लेकर हुआ विवाद, मारपीट में घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार
रायगढ़ जिले में महुआ बीनने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रायगढ़ ।जोबी चौकी क्षेत्र में महुआ बीनने को लेकर उपजे विवाद के बाद मारपीट में घायल एक ग्रामीण की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, जोबी चैकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम केवाली निवासी ठग्गू राम निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसका बड़ा भाई मेघनाथ निषाद (56) और उसकी पत्नी जानकी बाई महुआ बीनने के लिए दर्रीखार गए थे। इस दौरान खडगांव निवासी धनंजय महंत उर्फ लालू (18) ने महुआ को लेकर विवाद करते हुए मेघनाथ निषाद के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मारपीट में मेघनाथ गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जिसे पुलिस की डायल 112 टीम ने खरसिया अस्पताल पहुंचाया।
हालत बिगड़ने पर उसे अपेक्स हॉस्पिटल रायगढ़ रेफर किया गया, जहां कल इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मारपीट में घायल ग्रामीण की मौत हो जाने के बाद जोबी चैकी प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं 103-1 बीएनएस जोड़ते हुए मामला दर्ज करते हुए आज आरोपी धनंजय महंत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रायगढ़ जिला जेल भेज दिया गया।





