एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर आरोपित ने की खुदकुशी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
रायगढ़ : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र से ग्राम थरगांव में हत्या की सनसनीखेज घटना हुई है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की हथौड़ा और टंगिया से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित ने फांसी लगाकर जान दे दी। वारदात से क्षेत्र में सनसनी है। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।


बताया गया कि सारंगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 37 किलोमीटर दूर सलीहा थाना क्षेत्र का ग्राम थरगांव (चादंन) है। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्य हेमलाल (56), जगमति पति हेमलाल (50), ममता पिता हेमलाल (27), मीरा पिता हेमलाल (25) तथा मीरा के तीन साल के बेटे की हत्या पास ही रहने वाले मनोज साहू उर्फ पप्पू टेलर ने टंगिया और हथौड़े से वार कर कर दी। मनोज ने पांच लोगों की हत्या के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने बताया कि वारदात की सूचना पर पुलिस बल को तत्काल मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। मामले में जांच के बाद ही ज्यादा जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
प्रेम प्रसंग में शादी से हत्यारा पड़ोसी था नाराज
हत्या को लेकर गांव के लोगों में कई तरह की चर्चा है। बताया जा रहा है कि आरोपित का उस परिवार की युवती से प्रेम-प्रसंग था। युवती की शादी किसी अन्य युवक से तय हो गई थी। इसको लेकर मनोज साहू नाराज था और इसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।





