अमित शाह के वीडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने पर CM साय ने कांग्रेस को दी चेतावनी, मंत्री ने थाने में की शिकायत

 अमित शाह के वीडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने पर CM साय ने कांग्रेस को दी चेतावनी, मंत्री ने थाने में की शिकायत

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वीडियो से छेड़छाड़ कर प्रसारित करने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस को चेतावनी दी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया एक्स पर कहा है कि आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों के खिलाफ ऐसा भद्दा मजाक करने से बाज आए। ऐसी हरकत बिल्कुल सहन नहीं की जाएगी।

साय ने कहा है कि लोकसभा में अपनी बुरी हार देखकर कांग्रेस अब कोई भी स्तरहीन हथकंडा अपनाने से बाज नहीं आ रही है। दशकों तक आदिवासियों, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग को ठगने, वंचित समूहों का शोषण करने वाली कांग्रेस अब फिर से आरक्षण के विरुद्ध दुष्प्रचार कर रही है। गृह मंत्री शाह के भाषण को भी गलत तरीके से एडिट कर भ्रांति फैला रही है। कांग्रेस शुरू से ही वंचित समूहों को आगे लाने व आरक्षण का विरोध करती रही हैं। कांग्रेस की ऐसी हरकतों की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। कांग्रेस को मुस्लिम आरक्षण स्वीकार है, लेकिन आदिवासियों, अनुसूचित जाति समूहों, पिछड़ों को मिल रहा अधिकार बर्दाश्त नहीं हो रहा है। यह शर्मनाक है।

 

भाजपा बोली- ओछे हथकंडों का सहारा ले रही कांग्रेस

धर्मगुरु बालदास साहेब, सांसद सुनील सोनी और विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि कांग्रेस अपनी हार सामने देखकर बौखला गई है और लोगों को भ्रमित करने के लिए सफेद झूठ और ओछे हथकंडों का सहारा ले रही है। भाजपा नेताओं ने निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने तथा वीडियो को डिलीट कराने की मांग की है।

 

सांसद और विधायक ने कहा कि कांग्रेस की ओर से योजना बनाकर षड्यंत्रपूर्वक वीडियो को तेलंगाना से प्रसारित किया गया है ताकि राज्य सरकार का संरक्षण प्राप्त होने से अपराधियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई न हो सके। ज्ञापन सौंपने से पहले एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि गृहमंत्री शाह का एडिट वीडियो तेलंगाना कांग्रेस विंग ने अपने आधिकारिक इंटरनेट मीडिया एक्स से प्रसारित किया है। कुछ दिनों पहले मुंख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भाषण के वीडियो क्लिप से छेड़छाड़ करके कांग्रेसियों ने झूठ फैलाने की शर्मनाक हरकत की थी।

 

शाह के वीडियो से छेड़छाड़ पर कांग्रेस को दी चेतावनी

भाजपा ने कांग्रेस पर केंद्रीय गृहमंत्री मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया है। अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में सोमवार को काफी संख्या में भाजपाइयों ने कोतवाली थाना पहुंचकर आवेदन दिया। मंत्री रामविचार नेताम के हस्ताक्षर से प्रस्तुत आवेदन में तेलगांना प्रदेश के कांग्रेस पार्टी के सदस्य व पदाधिकारी और नेशनल काग्रेस पार्टी के शरदचंद्र के विरुद्ध नामजद शिकायत की गई है। भाजपा ने कहा है कि इनके द्वारा आधिकारिक रूप से इंटरनेट मीडिया पर फर्जी, कट-पेस्ट वीडियो प्रसारित किया गया है।

 

इन धाराओं के तहत पंजीकृत हो एफआइआर

अंबिकापुर कोतवाली टीआइ को एफआइआर के लिए दिए आवेदन पत्र में उन्होंने यह मांग की है कि उपरोक्त तथ्यों के आधार पर गंभीरता से संज्ञान लेकर तेलगांना कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं उत्तरदायी नेताओं उसके अधिकारिक इंटरनेट मीडिया प्लेटफोर्म एक्स के संचालकों और उक्त फर्जी वीडियो को प्रसारित करने वाले, उसे डिलीट करने वाले कार्यकर्ताओं के विरुद्ध तथा अन्य दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया जाए।

 

गृह मंत्री के फर्जी वीडियो पर राज्य के दो मंत्री कोतवाली पहुंचे

 

देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण को एडिट कर भ्रांति फैला रहे कांग्रेसियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कोतवाली थाना पहुंचे। उनके साथ वन मंत्री केदार कश्यप समेत काफी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री देवांगन ने कहा कि बुरी हार देखकर कांग्रेस अब स्तरहीन हथकंडे अपना रही। पुलिस से ऐसे वीडियो पर तत्काल जांच कर कार्रवाई करने कि मांग की गई है।