बाइक की टक्कर से लैब टेक्नीशियन गंभीर, अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई मौत
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
बिलासपुर। सिम्स के माइक्रोबाइलाजी विभाग में पदस्थ लैब टेक्नीशियन को तेज रफ्तार बाइक के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में लैब टैक्नीशियन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर सिम्स में पदस्थ उनके साथी भी पहुंच गए। घटना की सूचना स्वजन को दी गई है। शव का पीएम आज मंगलवार की सुबह कराया जाएगा।


मंगला के दीनदयाल कालोनी में रहने वाले मनीष शर्मा(45) लैब टेक्नीशियन थे। उनकी पोस्टिंग सिम्स के माइक्रोबाइलाजी विभाग में थी। सोमवार की सुबह वे ड्यूटी पर गए थे। शाम पांच बजे के करीब वे ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। बाइक सवार मनीष कुदुदंड स्थित एक निजी अस्पताल के सामने तेज रफ्तार बाइक के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देकर घायल लैब टेक्नीशियन को सिम्स पहुंचाया। अस्पताल में डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चीरघर में रखवा दिया है। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाकारित बाइक चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मनीष अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ दीनदयाल कालोनी में रहते थे। घटना की सूचना पर उनके साथ काम करने वाले कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। उनके एक सहकर्मी ने बताया कि उनकी पत्नी और बच्चे रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए शहडोल गए हैं। उन्हें सड़क हादसे की जानकारी देकर बिलासपुर बुलाया गया है। देर रात तक उनकी पत्नी और बच्चों को मौत की जानकारी नहीं दी गई थी।





