दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत आज, ट्रैक्टर-ट्राली की अनुमति नहीं दिल्ली पुलिस ने महापंचायत में 5000 लोगों के ही शामिल होने की अनुमति दी है।
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में किसानों का प्रदर्शन
एमएसपी और अन्य मांगों को लेकर किसान कर रहे प्रदर्शन
दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
नई दिल्ली। किसान संगठन संयुक्त किसान मोर्चा गुरुवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान मजदूर महापंचायत आयोजित करने जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने किसानों को इस शर्त पर दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दी है कि वे ट्रैक्टर-ट्राली का इस्तेमाल नहीं करेंगे। माना जा रहा है कि पंजाब और हरियाणा समेत देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में किसान आज दिल्ली पहुंचेंगे। हालांकि पुलिस ने सीमित संख्या में प्रदर्शनकारियों को शामिल होने की अनुमति दी है।


किसान महापंचायत में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करने का प्रस्ताव पारित होने की संभावना है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस शर्त के साथ किसानों के जमावड़े की अनुमति दी है कि महापंचायत में न तो 5000 से अधिक प्रतिभागी होंगे और न ही आयोजन स्थल के पास ट्रैक्टर ट्रॉलियों को जाने की अनुमति होगी।

इससे पहले महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को पंजाब के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में किसान रवाना हुए। अधिकतर किसान ट्रेनों से गए तो कुछ ने निजी वाहन से जाना उचित समझा।

(दिल्ली पुलिस ने इस पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमति नहीं दी है।)
बता दें, पिछले दिनों पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने किसानों के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रालियों से जाने पर एतराज जताया था। इसे देखते हुए किसान इस बार ट्रेनों और बसों में रवाना हुए हैं।





