मध्य प्रदेश के जंगल से चंदन काटकर ला रहे दो तस्कर गिरफ्तार

 मध्य प्रदेश के जंगल से चंदन काटकर ला रहे दो तस्कर गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही साइबर सेल को सूचना मिली कि क्षेत्र के अंधियारखोह दर्री के कुछ लोग चंदन की तस्करी कर रहे हैं। वे अपने पास रखे चंदन की बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

पेंड्रा पुलिस ने की कार्रवाई

आरोपित के कब्जे से 90 किलो चंदन की लकड़ी और पिकअप जब्त

चंदन की कीमत 11 लाख रुपये

 

 

बिलासपुर। एमपी के पोड़ी जंगल से चंदन की लकड़ी काटकर ला रहे दो तस्करों को गौरेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 90 किलो चंदन की लकड़ी और पिकअप जब्त किया गया है। जब्त चंदन की कीमत 11 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया है।

 

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही साइबर सेल को सूचना मिली कि क्षेत्र के अंधियारखोह दर्री के कुछ लोग चंदन की तस्करी कर रहे हैं। वे अपने पास रखे चंदन की बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। साइबर सेल प्रभारी सुरेश कुमार ध्रुव ने इसकी जानकारी एसपी भावना गुप्ता को देकर गौरेला पुलिस की टीम को सूचना दी। गौरेला पुलिस और साइबर सेल की टीम ने टीकर कला तिराहे के पास घेराबंद की। मुखबिर के बताए अनुसार एक पिकअप को रोककर जांच की गई। पिकअप में अंधियारखोह दर्री निवासी मोतीलाल यादव (40) और मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला अंतर्गत जैतहरी थाना क्षेत्र के पोड़ी सेमरहा टोला निवासी जितेंद्र सिंह सराठी (29) मिले। पूछताछ में दोनों गोलमोल जवाब दे रहे थे। पिकअप की तलाशी में तीन बोरी में भरा 90 किलो चंदन की लकड़ी मिली। पुलिस इसे जब्त कर आरोपित को थाने ले आई। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि मध्यप्रदेश के पोड़ी स्थित जंगल से वे चंदन लेकर आए थे। यहां पर वे ग्राहक की तलाश कर रहे थे। चंदन को खपाने से पहले ही वे पुलिस की पकड़ में आ गए।

 

 

पहले भी आ चुके हैं तस्करी के मामले

 

गौरेला-पेंड्रा के आसपास के जंगलों में चंदन की बहुतायत है। यहां से तस्कर चंदन लेकर बाहर के बाजार में खपाते हैं। करीब सालभर पहले भी जिले से चंदन की लकड़ी का मामला सामने आया था। इस दौरान पुलिस ने आरोपित को पकड़कर जेल भेज दिया। इसके बाद से तस्कर दूसरा रास्ता अपना रहे थे। शनिवार को पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।