बालोद में एसिड अटैक का सनसनीखेज खुलासा: बेवफाई के शक में प्रेमी ने रची थी खौफनाक साजिश, दोस्त को दी ‘दोस्ती की कसम’ और करवा दिया हमला; 8 घंटे में दोनों गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान
*************************************
बालोद में एसिड अटैक का सनसनीखेज खुलासा: बेवफाई के शक में प्रेमी ने रची थी खौफनाक साजिश, दोस्त को दी ‘दोस्ती की कसम’ और करवा दिया हमला; 8 घंटे में दोनों गिरफ्तार
बालोद। शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार को हुए खौफनाक एसिड अटैक मामले में बालोद पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर वारदात की गुत्थी सुलझा ली है। युवती पर तेजाब फेंकने की इस दिल दहला देने वाली साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि उसका कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर निकला। शादी से इंकार और दूसरे अफेयर के शक में अंधे हुए प्रेमी ने अपने जिगरी दोस्त को ‘दोस्ती की कसम’ देकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिलवाया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी यश कुमार और एसिड फेंकने वाले उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार कर लिया है।
लाइब्रेरी से लौटते वक्त हमला, गणेश झांकी में टला था हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे करण कुंजाम ने उस पर अचानक तेजाब उड़ेल दिया और मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और बदहवास स्थिति में युवती को जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने एसिड अटैक की योजना 3 महीने पहले ही बना ली थी। आरोपी करण कुंजाम 26 सितंबर को बालोद पहुंचा था और दोनों ने 27 सितंबर को दुर्ग से एसिड खरीदा था। वे 28 सितंबर को गणेश झांकी के दौरान ही हमला करने वाले थे, लेकिन पुलिस की सख्त नाकेबंदी और सुरक्षा के कारण उनका मंसूबा नाकाम हो गया था। जिसके बाद 5 अक्टूबर को मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
CCTV और कड़ाई से पूछताछ में टूटा सनकी प्रेमी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और एएसपी चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में डीएसपी विनय साहू के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। शहर भर के CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह की सुई युवती के परिचित यश कुमार सोनकर पर टिकी।
शुरुआत में यश पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर गुमराह करता रहा, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। यश ने बताया कि युवती किसी और से बातचीत करती थी और उससे शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। इसी खुन्नस में उसने बीजापुर से अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम को बुलाया और दोस्ती का वास्ता देकर वारदात को अंजाम दिलाया।
तांदुला डैम से कोंडागांव तक भागा हमलावर, पुलिस ने दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद करण कुंजाम पैदल ही तांदुला बांध की तरफ भाग गया। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला, मरकाटोला और चारामा होते हुए बीजापुर भागने की फिराक में था। हालांकि, यश की निशानदेही पर साइबर सेल और पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए करण को कोंडागांव के पास हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रयुक्त एसिड की बोतल, कपड़े और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं।
एसिड बेचने वाले दुकानदार पर भी गिरेगी गाज
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि यह एसिड दुर्ग के एक व्यापारी से खरीदा गया था। बिना वैध नियमों के खुलेआम तेजाब बेचने वाले उस दुकान संचालक को भी चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
यश कुमार सोनकर (उम्र 20 वर्ष) – निवासी ग्राम नेवारिकला, जिला बालोद (मास्टरमाइंड)।
करण कुंजाम (उम्र 20 वर्ष) – निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर (एसिड फेंकने वाला)।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं या युवतियों को परेशान करने, धमकी देने या पीछा करने की शिकायत तुरंत पुलिस को दें।





