PDS घोटाला: 12.89 लाख के राशन गबन मामले में फरार विक्रेता गिरफ्तार, भेजा गया जेल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

************************************

 

 

PDS घोटाला: 12.89 लाख के राशन गबन मामले में फरार विक्रेता गिरफ्तार, भेजा गया जेल

रायगढ़/धरमजयगढ़:छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में करीब 12.89 लाख रुपए की भारी गड़बड़ी और गबन के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया (32) को पुलिस ने धरमजयगढ़ के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

ई-पॉस पर फिंगरप्रिंट लगवाकर डकार गए राशन

मामला रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के धरमजयगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान का है। खाद्य विभाग की टीम ने 3 सितंबर को दुकान का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान दुकान के स्टॉक में भारी अंतर पाया गया:

चावल: 499.65 क्विंटल कम

शक्कर: 5.37 क्विंटल कम

नमक: 8.03 क्विंटल कम

गायब किए गए कुल खाद्यान्न की बाजार कीमत 12,89,375 रुपए आंकी गई। जांच में इस बात का भी सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी अगस्त महीने में हितग्राहियों से ई-पॉस (e-PoS) मशीन पर अंगूठे का निशान (फिंगरप्रिंट) तो लगवा लेते थे, लेकिन उन्हें राशन का वितरण नहीं करते थे।

फरवरी से अगस्त तक जारी थी हेराफेरी

मामले का पर्दाफाश होने पर खाद्य विभाग ने सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज किया।

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी विक्रेता ने स्वीकार किया कि वह फरवरी से अगस्त 2026 तक लगातार दुकान से चावल, शक्कर और नमक के वितरण में बड़े पैमाने पर हेराफेरी कर रहा था।

मुखबिर की सूचना पर गांधी प्रतिमा चौक में घेराबंदी

मामले में समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को पुलिस ने 12 सितंबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं विक्रेता बिहारी राठिया घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि फरार विक्रेता धरमजयगढ़ से बस में सवार होकर अपने गांव ससकोबा जूनापारा लौट रहा है। सूचना मिलते ही रैरूमाखुर्द पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक के पास घेराबंदी की और बस से उतरते ही आरोपी को दबोच लिया।

महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से राशन वितरण और स्टॉक से संबंधित 4 महत्वपूर्ण रजिस्टर जब्त किए हैं। मामले की विवेचना जारी है और जब्त दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।