जांजगीर पुलिस की बड़ी लापरवाही: मुख्य आरोपी की जगह निर्दोष भाई को भेजा जेल, SP ने विवेचक SI को किया ‘लाइन अटैच’

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

**************************************

 

 

जांजगीर पुलिस की बड़ी लापरवाही: मुख्य आरोपी की जगह निर्दोष भाई को भेजा जेल, SP ने विवेचक SI को किया ‘लाइन अटैच’

जांजगीर। जिला नवागढ़ थाना क्षेत्र से पुलिस विवेचना (जांच) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस पर आरोप है कि बिना किसी समुचित छानबीन और साक्ष्यों की जांच किए, मुख्य आरोपी के स्थान पर उसके भाई को आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया गया और उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया। मामले में गंभीर लापरवाही उजागर होने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पांडेय ने कड़ा एक्शन लेते हुए विवेचक सब-इंस्पेक्टर (SI) को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गंगाजल निवासी चंद्रेश्वर यादव उर्फ मंडला इस प्रकरण का मुख्य और नामजद आरोपी था।

लेकिन जांच के नाम पर बड़ी गड़बड़ी करते हुए विवेचक ने मुख्य आरोपी चंद्रेश्वर यादव को छोड़कर उसके भाई चंद्र कुमार यादव को आरोपी बना दिया।

पहले थाने से जमानत, फिर भेजा जेल

आरोप है कि शुरुआत में चंद्र कुमार यादव को बिना किसी ठोस जांच-पड़ताल और विधिक प्रक्रिया के थाने से ही जमानत मुचलके पर छोड़ दिया गया। इसके बाद अचानक उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। विवेचना की इस मनमानी और त्रुटिपूर्ण कार्यप्रणाली ने पुलिस की विश्वसनीयता पर सीधे सवाल खड़े कर दिए।

SP विजय कुमार पांडेय का कड़ा एक्शन

जैसे ही यह पूरा मामला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के संज्ञान में आया, उन्होंने बेहद सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मामले की तत्काल तथ्यात्मक जांच कराई। जांच में विवेचक सब-इंस्पेक्टर की प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही, कोताही और मनमानी साबित हुई, जिसके आधार पर उन्हें तुरंत लाइन अटैच कर दिया गया।

एसपी विजय कुमार पांडेय ने कहा:

“पुलिस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही, लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून प्रक्रिया से खिलवाड़ करने वालों और पुलिस की छवि धूमिल करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”