रक्तदान महादान: सेठ आर.सी.एस. महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्तदान शिविर, युवाओं ने दिखाई अभूतपूर्व उत्सुकता
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
रक्तदान महादान: सेठ आर.सी.एस. महाविद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्तदान शिविर, युवाओं ने दिखाई अभूतपूर्व उत्सुकता
दुर्ग। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज सेठ आर.सी.एस. कन्या एवं वाणिज्य महाविद्यालय में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। नवदृष्टि फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता दुर्ग कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने की। शिविर में महाविद्यालय की छात्राओं और स्थानीय युवाओं ने अत्यंत उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।

शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कहा कि आज का मानव विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नित नए आयाम छू रहा है, लेकिन इतनी प्रगति के बावजूद ‘रक्त’ का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। रक्त एक ऐसी अनमोल चीज़ है, जिसे केवल एक इंसान ही दूसरे इंसान को दे सकता है। जीवन के किसी न किसी मोड़ पर हम सभी को या हमारे परिजनों को रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है, ऐसे में आज का एक छोटा-सा प्रयास कल किसी का जीवन बचा सकता है।

कलेक्टर ने रक्तदान की तुलना बैंक में जमा बचत (सेविंग्स) से करते हुए कहा, “रक्तदान समाज के लिए एक सामूहिक बचत की तरह है। जिस प्रकार हम भविष्य की सुरक्षा के लिए धन जमा करते हैं, उसी प्रकार आज हमारा दिया हुआ रक्त भविष्य में किसी अनजान व्यक्ति या स्वयं हमारे अपनों के काम आ सकता है। रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का सर्वोच्च प्रतीक है।”

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज, महाविद्यालय की प्राचार्या पूजा मल्होत्रा, नवदृष्टि फाउंडेशन के सम्मानित सदस्यगण एवं महाविद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग उपस्थित रहा। शिविर में उपस्थित सभी अतिथियों ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें इस मानवीय कार्य के लिए साधुवाद दिया।





