कुली-मिस्त्री का काम करने वाले दो सगे भाइयों ने गाड़े सफलता के झंडे: एक साथ CRPF में चयन, गूंजा ‘भारत माता की जय’

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

************************************

 

 

 

 

 

कुली-मिस्त्री का काम करने वाले दो सगे भाइयों ने गाड़े सफलता के झंडे: एक साथ CRPF में चयन, गूंजा ‘भारत माता की जय’

धमतरी (छत्तीसगढ़)। कड़ी मेहनत, अटूट लगन और देशभक्ति के जज्बे से गरीबी को मात देकर दो सगे भाइयों ने इतिहास रच दिया है। धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुधवारा निवासी पवन नेताम (22) और नकुल नेताम (19) का एक साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में चयन हुआ है। चेन्नई में अपनी ट्रेनिंग का पहला चरण सफलता से पूरा करने के बाद जब दोनों भाई पहली बार अपने गृह ग्राम लौटे, तो पूरा गांव जश्न और गर्व के माहौल में डूब गया।

मिस्त्री के काम के साथ सुबह 5 बजे से 5 किमी की दौड़

दोनों भाइयों का यह सफर बेहद संघर्षपूर्ण रहा। पिता राजाराम नेताम के साथ आर्थिक तंगी से जूझते हुए पवन और नकुल दूसरों के मकान निर्माण में कुली और मिस्त्री का काम करते थे। दिनभर सीमेंट-ईंट उठाने की हाड़-तोड़ मजदूरी के बावजूद उन्होंने अपने सपने को टूटने नहीं दिया। रोजाना सुबह 5 बजे उठकर 5 किलोमीटर दौड़ लगाना, पढ़ाई करना और फिर मजदूरी पर जाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। दो साल की कठिन तपस्या और शाम को परीक्षा की तैयारी के दम पर दोनों ने यह मुकाम हासिल किया।

7 किमी लंबी तिरंगा यात्रा और डीजे पर झूमे ग्रामीण

दोनों भाइयों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने मगरलोड से दुधवारा तक 7 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। फूलों से सजी गाड़ियों में सवार दोनों जांबाज भाइयों का जगह-जगह तिलक लगाकर और आरती उतारकर स्वागत किया गया। देशभक्ति गानों की धुन पर नाचते-झूमते ग्रामीणों के ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। घर पहुंचने पर भावुक माता-पिता ने आरती उतारकर अपने बेटों को आशीर्वाद दिया।